केन्द्रीय विद्यालय खैरागढ़ में हुआ भारतीय भाषा उत्सव का आयोजन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय खैरागढ़ में भारतीय भाषा उत्सव का आयोजन हुआ। शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य अंजय कुमार द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। सप्ताह भर चले इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय भाषाओं के प्रति रुचि, सम्मान और आपसी सांस्कृतिक समझ को बढ़ावा देना रहा। उत्सव के प्रथम दिन भाषावृक्ष की आकर्षक प्रस्तुति दी गई फिर भारतीय भाषाओं पर आधारित विविध गीतों के साथ संस्कृत एवं हिंदी भाषा में कविता पाठ किया गया। तीसरे दिन विभिन्न भाषाओं के त्योहारों की श्रृंखला में दीपावली पर्व और छत्तीसगढ़ की पारंपरिक सुआ गीत की प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया तदोपरांत विभिन्न भाषाओं के मुहावरे और लोकोक्तियों की रोचक गतिविधि आयोजित की गई। भाषा बंधु पत्र कार्यक्रम के अंतर्गत मराठी, छत्तीसगढ़ी और हिंदी भाषा में पत्र लेखन किया गया। भाषा क्लब के तहत मराठी और छत्तीसगढ़ी भाषा में दो विद्यार्थियों के बीच संवाद प्रस्तुत किया गया। उत्सव के अंतिम दिन भारतीय भाषाओं पर आधारित भाषा मेला आयोजित किया गया। इसी दिन छत्तीसगढ़ी भाषा में थिएटर के अंतर्गत एकल अभिनय की प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई। भाषा मेले में विद्यार्थियों ने हिंदी, मराठी, छत्तीसगढ़ी, बांग्ला, तेलुगू, गुजराती, पंजाबी सहित विभिन्न भाषाओं से संबंधित राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा धारण कर व्यंजन, साहित्य और सांस्कृतिक विशेषताओं का प्रदर्शन किया साथ ही प्रत्येक भाषा में कविता या गीत की प्रस्तुति भी दी गई। पूरे कार्यक्रम के सफल संचालन और दैनिक गतिविधियों के संयोजन में डॉ.योगेंद्र पांडेय, संदेश निनावे, घनश्याम गिरिया, सुश्री गीतांजली, सौरभ कुमार, नेहा शुक्ला, सुदीप आर्य, विनोद परते, श्रीमती सिमरन, डॉ.मुकुंद ठाकुर, पी.पद्मावती राव एवं प्रशांत मेश्राम सहित अन्य शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। तकनीकी कार्यों में आयुष गुप्ता और श्री शुभम शर्मा ने सराहनीय सहयोग प्रदान किया। भारतीय भाषा उत्सव ने विद्यार्थियों को देश की भाषाई और सांस्कृतिक विविधता से परिचित कराते हुए एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया।

Exit mobile version