करंट की चपेट में आने से बिजली विभाग के ठेका कर्मी की मौत

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। विद्युत लाइन के आसपास पेड़ कटाई के दौरान शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में बिजली विभाग के ठेका कर्मी की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतक की पहचान ग्राम पेंड्रीकला निवासी हेमंत साहू (45) पिता स्वर्गीय बंशीलाल साहू के रूप में हुई है। जानकारी अनुसार हेमंत साहू शनिवार सुबह अन्य कर्मचारियों के साथ टोलागांव क्षेत्र में विद्युत लाइन के समीप पेड़ कटाई कार्य में जुटा हुआ था। इसी दौरान पेड़ की एक डाल अचानक चालू विद्युत लाइन के संपर्क में आ गई, जिससे हेमंत तेज करंट की चपेट में आ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी कर्मचारियों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल खैरागढ़ पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है घटना के बाद विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों का आरोप है कि विद्युत लाइन के आसपास कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। वहीं, विद्युत विभाग की प्रभारी सहायक अभियंता मदलसा विश्वकर्मा ने बताया कि जिस फीडर क्षेत्र में पेड़ कटाई का कार्य चल रहा था, उसे बंद कर दिया गया था। हालांकि, लाइन लंबी होने के कारण दूसरी ओर प्रवाहित करंट वाली लाइन से पेड़ की डाल संपर्क में आ गई, जिससे दुर्घटना घटित हुई। हेमंत साहू लंबे समय से विद्युत विभाग में ठेका कर्मी के रूप में कार्यरत था। अपने मिलनसार स्वभाव के कारण वह क्षेत्र में काफी लोकप्रिय था। उसकी आकस्मिक मृत्यु से पेंड्रीकला सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर व्याप्त है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version