एसडीएम ने कन्या विद्यालय का किया आकस्मिक निरीक्षण, छात्राओं को नैतिक मूल्यों और कौशल विकास का दिया संदेश

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। अनुभागीय अधिकारी (राजस्व) टीपी साहू ने शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (सेजेस) खैरागढ़ का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षा 12वीं की छात्राओं से संवाद करते हुए नैतिक मूल्यों लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों और कौशल विकास के महत्व पर विस्तार से चर्चा की है। टी. पी. साहू ने कहा कि वर्तमान समय में समाज में नैतिक मूल्यों का ह्रास चिंताजनक है जिसे पुनर्जीवित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है जहां जनता ही सरकार का चयन और नियंत्रण करती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का सच्चा ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ होना आवश्यक है तभी योग्य एवं ईमानदार जनप्रतिनिधियों का चयन संभव हो सकेगा। उन्होंने कहा कि सत्य हमारी सबसे बड़ी शक्ति है तथा अहिंसा भारतीय संस्कृति का सर्वोच्च धर्म है। छात्राओं को कौशल विकास के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि केवल रटकर पढ़ाई करने के बजाय चिंतन और व्यावहारिक ज्ञान पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज के समय में डिग्री के साथ कौशल भी उतना ही आवश्यक है। यदि विद्यार्थी पढ़ाई के साथ किसी कार्य में दक्षता प्राप्त कर लें तो भविष्य में उन्हें रोजगार और आर्थिक चुनौतियों का सामना करने में कठिनाई नहीं होगी। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. कमलेश्वर सिंह ने छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने अधिक से अधिक पौधारोपण करने विद्यालय परिसर घर तथा आसपास के खाली स्थानों को हराभरा बनाने और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प दिलाते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया है।

Exit mobile version