इंस्टाग्राम पर अश्लील वीडियो अपलोड करने वाला युवक गिरफ्तार

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर बच्चों से संबंधित अश्लील वीडियो अपलोड करने के मामले में केसीजी पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार साइबर एनसीआरबी नई दिल्ली से प्राप्त टिप लाइन सूचना के आधार पर थाना गातापार पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि ग्राम लछना निवासी 26 वर्षीय अश्वन धुर्वे अपने इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से बच्चों से संबंधित आपत्तिजनक और अश्लील वीडियो अपलोड कर रहा था। मामले की पुष्टि होने पर थाना गातापार में आरोपी के विरुद्ध धारा 67(B) आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी को 25 मई 2026 को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को देने के बाद उसे न्यायालय खैरागढ़ में पेश किया गया जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अश्लील एवं आपत्तिजनक सामग्री अपलोड करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई में थाना गातापार पुलिस एवं जिला केसीजी पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Exit mobile version