
जिला प्रशासन के निर्देश पर नगर पालिका और सेवाभावी संस्थाएं जुटी अभियान में
24 हजार स्क्वायर फीट में नदी की सफाई हुई पूरी
श्रमदान कर नदी से लगभग 10 टन जलकुंभी को निकाल किया गया बाहर
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. वर्षा ऋतु से पूर्व आमनेर नदी की सफाई और नदी से जलकुम्भी हटाने खैरागढ़ में लगातार बीते पांच दिनों से श्रमदान किया जा रहा है। जिला प्रशासन के निर्देश पर नगर पालिका और सेवाभावी संस्थाएं अभियान में निरंतर जुटी हुई है। इस अभियान से 24 हजार स्क्वायर फीट में आमनेर नदी की सफाई का कार्य पूरा कर लिया गया है और श्रमदान कर आमनेर से लगभग 10 टन जलकुंभी का कचरा बाहर निकाला गया है। ज्ञात हो कि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस से जिला प्रशासन के निर्देशन में नगर पालिका व खैरागढ़ की सेवाभावी संस्थाओं के द्वारा आत्मनिर्भर खैरागढ़ अभियान चलाकर धरमपुरा शनि मंदिर के पीछे आमनेर नदी घाट मे श्रमदान की शुरुआत कर जलकुम्भी को निकाल नदी को स्वच्छ करने मुहिम चलाई जा रही है। इस मुहिम का नेतृत्व स्वयं केसीजी के कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रावल के नेतृत्व में प्रारंभ किया गया जिसके बाद नगर पालिका की टीम खासतौर पर स्वच्छता दीदियों सहित स्वच्छता अभियान में जुटे पालिका के कर्मचारी भाइयों ने नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गिरिजा नंद चंद्राकर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी नरेश वर्मा के मार्गदर्शन में लगातार नदी की सफाई की जा रही है। आत्मनिर्भर खैरागढ़ की दिशा में इस अभियान को आगामी दिनों आगे बढ़ाते हुए सेवाभावी संगठन के द्वारा स्वच्छता दीदी के सम्मान में श्रमदान करने का आह्वान कर खैरागढ़ के सेवाभावीजनों को इस मुहिम से अधिक से अधिक जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। विदित हो कि विश्व पर्यावरण दिवस से प्रारंभ हुये श्रमदान अभियान में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, गिरिजा चंद्राकर नगर पालिका अध्यक्ष, भागवत शरण सिंह सांसद प्रतिनिधि, नरेश वर्मा मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नीलिमा गोस्वामी महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष, दिनेश वर्मा जिला पंचायत सदस्य सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिकगण की उपस्थिति मे नदी संरक्षण का शुभारम्भ किया गया। अभी तक घाट के 24000 वर्ग फुट इलाके में नदी से 10 टन जल कुम्भी को निकाला जा चुका है जिससे घाट की सुन्दरता में फिर से रौनक लौटने लगी है।