आग में झुलसे दंपति, इलाज के दौरान पत्नी की मौत; चार मासूम बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. जिला मुख्यालय खैरागढ़ से लगे ग्राम मदराकुही में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद और शराब के नशे में डूबे पति से परेशान होकर एक महिला ने खुद पर केरोसिन डालकर आग लगा ली। उसे बचाने की कोशिश में शराबी पति भी बुरी तरह झुलस गया। इस घटना के बाद इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई है जबकि पति की हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी अनुसार शनिवार 19 जुलाई को दोपहर लगभग 2 बजे ग्राम मदराकुही निवासी ममता साहू (उम्र 34 वर्ष) ने पारिवारिक विवाद और पति की शराबखोरी से परेशान होकर खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। उस समय उसका पति राजकुमार साहू (उम्र 36 वर्ष) नशे की हालत में था। चीख-पुकार सुनकर वह दौड़ा और पत्नी को बचाने की कोशिश की लेकिन खुद भी आग की चपेट में आ गया। घटना के समय घर में मौजूद बच्चों और दादी की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी तुरंत पहुंचे और दोनों को एम्बुलेंस से खैरागढ़ सिविल अस्पताल लाया गया। दोनों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें तत्क्षण राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। दुर्भाग्यवश, इलाज के दौरान ममता साहू की मौत हो गई वहीं राजकुमार साहू की हालत भी नाजुक बताई जा रही है।

इस हृदयविदारक घटना ने दंपति के चार मासूम बच्चों को अनिश्चित भविष्य के मुहाने पर खड़ा कर दिया है। इनमें से दो बच्चे तो दुधमुंहे हैं। अब इन बच्चों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी कौन उठाएगा, यह बड़ा सवाल बन गया है।दूसरी ओर प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला ने आत्मदाह किया लेकिन यह भी संभावना है कि नशे में धुत पति ने उस पर आग लगाई हो। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के सटीक कारण और जिम्मेदार की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Exit mobile version