
टॉप ग्रेड में आगरा की पहली कलाकार बनी
सितार वादन में बनाई राष्ट्रीय पहचान
खैरागढ़ विश्वविद्यालय में शिक्षा, संस्कृति और नवाचार को मिली नई दिशा
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। राजकुमारी इन्दिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो.लवली शर्मा को सितार वादन में उनकी उत्कृष्ट साधना और राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियों के लिए आकाशवाणी नई दिल्ली ने प्रतिष्ठित ‘टॉप ग्रेड आर्टिस्ट’ सम्मान प्रदान किया है। इस उपलब्धि के साथ वे आगरा की पहली कलाकार बन गई हैं जिन्हें आकाशवाणी का यह सर्वोच्च ग्रेड प्राप्त हुआ है। इससे पहले वे देश की प्रथम डी.लिट. सितार वादिका के रूप में भी विशिष्ट पहचान बना चुकी हैं। प्रो.शर्मा संगीत शिक्षा, शोध और समाजसेवा के क्षेत्र में लंबे समय से उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं। राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय ग्वालियर की कुलपति रहते हुए उन्होंने संगीत विषय पर 13 से अधिक पुस्तकों का लेखन किया तथा म्यूजिक थेरेपी के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य और जेलों में बंदियों के पुनर्वास जैसे सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को नई पहचान दिलाई। राजकुमारी इन्दिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय का दायित्व संभालने के बाद उन्होंने विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशासनिक पारदर्शिता और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई गति प्रदान की। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध परीक्षा परिणाम, पारदर्शी पीएच.डी. प्रवेश प्रक्रिया, राष्ट्रीय संस्थानों के साथ एमओयू, विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रशिक्षण, पर्यावरण संरक्षण, अधोसंरचना विकास तथा वर्षों बाद खैरागढ़ महोत्सव के सफल आयोजन जैसी अनेक पहलें उनके नेतृत्व में साकार हुईं। उनके कार्यकाल में विश्वविद्यालय के चार विद्यार्थियों का चयन ललित कला अकादमी नई दिल्ली की प्रतिष्ठित छात्रवृत्ति के लिए हुआ। खेल एवं युवा गतिविधियों में भी विश्वविद्यालय ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की। इसके अलावा विदेशी विद्यार्थियों की संख्या में वृद्धि, नई वातानुकूलित बस एवं एम्बुलेंस की स्वीकृति, भर्ती प्रक्रिया में तेजी तथा विश्वविद्यालय का नाम बदलकर ‘राजकुमारी इन्दिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय’ किए जाने जैसी महत्वपूर्ण उपलब्धियां भी इसी अवधि में दर्ज की गईं। संगीत साधना, शिक्षा, शोध और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उनके बहुआयामी योगदान को मिली यह राष्ट्रीय मान्यता विश्वविद्यालय परिवार, कला जगत और पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है। प्रो.लवली शर्मा की इस उपलब्धि पर आगरा सहित खैरागढ़ विश्वविद्यालय परिवार एवं कला जगत से जुड़े लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाई दी है।