अवैध शराब के खिलाफ छुईखदान पुलिस ने फिर की कार्रवाई

छुईखदान। अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए छुईखदान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 40 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद की है जिसकी कीमत 3,200 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री की रकम 500 रुपये भी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में 27 सितंबर को सामाजिक बुराई से जुड़े अपराधों तथा अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया गया। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कनक नगर छुईखदान स्थित नया तालाब के पास एक युवक अवैध रूप से शराब बिक्री के लिए लेकर पहुंचा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से तालिब खान (26) पिता स्व. रसूल खान निवासी वार्ड क्रमांक 10 केंवटपारा छुईखदान को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से नीले-पीले रंग के थैले में रखे 40 पौवा शोले देशी प्लेन शराब बरामद हुई। मामले में आरोपी के खिलाफ थाना छुईखदान में धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी को 28 सितंबर को जेएमएफसी न्यायालय छुईखदान में पेश किया गया,ल जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे उपजेल सलोनी भेज दिया गया। कार्रवाई में छुईखदान पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

↑
Exit mobile version