
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत ग्राम पंचायत अवेली ने जनसहभागिता का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए स्वच्छता (यूजर) शुल्क संग्रह में जिले की पहली अग्रणी पंचायत बनने का गौरव हासिल किया है। पंचायत ने 330 परिवारों में से 306 परिवारों से स्वच्छता शुल्क के रूप में कुल 73,440 रुपये एकत्र किए हैं जो लगभग 92 प्रतिशत संग्रहण का आंकड़ा है। ज्ञात हो कि यह उपलब्धि केवल राजस्व संग्रह तक सीमित नहीं है बल्कि ग्रामीणों में स्वच्छता के प्रति बढ़ी जागरूकता और जिम्मेदारी का भी प्रमाण बनी है। गांव के लोगों ने स्वेच्छा से यूजर चार्ज जमा कर यह संदेश दिया कि स्वच्छ और स्वस्थ गांव का निर्माण सामूहिक सहभागिता से ही संभव है। इस सफलता में सरपंच दुर्गाबाई भारत लाल सेन, सचिव चिंताराम वर्मा और उप सरपंच कमलेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही वहीं इनके साथ पंचायत के पंच नरेंद्र सेन, फुलेश्वरी साहू, तीरथ साहू, पुनेश्वरी पटेल, टिकेश्वर साहू, फलेन्द्र पटेल, राजकुमार साहू, भाऊशंकर, चमेली साहू, पार्वती साहू और प्रीति साहू ने घर-घर संपर्क कर ग्रामीणों को स्वच्छता शुल्क के महत्व से अवगत कराया। पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से यह अभियान जनआंदोलन का रूप ले सका। जिले में यह अभियान कलेक्टर इंद्रजीत चंद्रवाल तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है वहीं जनपद पंचायत खैरागढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु गुप्ता के नेतृत्व में विकासखंड की सभी 114 ग्राम पंचायतों में यूजर चार्ज संग्रह और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर विशेष अभियान जारी है। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के विकासखंड समन्वयक बैद्यनाथ वर्मा तथा संकुल समन्वयक दुलेश्वर वर्मा द्वारा पंचायत प्रतिनिधियों रोजगार सहायकों आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं शिक्षकों स्वच्छग्राहियों और बिहान स्व-सहायता समूह के सदस्यों को लगातार प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के माध्यम से कचरा पृथक्करण संग्रहण और वैज्ञानिक निस्तारण की जानकारी दी जा रही है जिसका सकारात्मक परिणाम अब गांवों में दिखाई देने लगा है। अवेली में वर्तमान में सप्ताह में एक दिन नियमित रूप से घर-घर कचरा संग्रहण किया जा रहा है। पंचायत और स्वच्छग्राही टीम मिलकर गांव को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए लगातार कार्य कर रही है। जनपद पंचायत खैरागढ़ की अन्य ग्राम पंचायतों में भी यूजर चार्ज संग्रह अभियान तेज गति से आगे बढ़ रहा है। कई पंचायतें 30 से 50 प्रतिशत तक संग्रहण कर चुकी हैं। जुलाई माह के अंत तक 80 प्रतिशत परिवारों से यूजर चार्ज संग्रह का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ग्राम पंचायत अवेली की उपलब्धि ने यह साबित किया है कि जनप्रतिनिधियों स्वच्छग्राहियों स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीणों की साझा भागीदारी से स्वच्छता अभियान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। पंचायत की यह पहल जिले की अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन गई है।