अल्फा नेशनल मॉडल स्कूल में छात्र-छात्राओं ने सीखे आत्मरक्षा के गुर

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। अल्फा नेशनल मॉडल स्कूल खैरागढ़ में आयोजित 15 दिवसीय जूडो-कराटे समर कैंप का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। दाऊचौरा स्थित विद्यालय परिसर में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करना और उनमें आत्मविश्वास विकसित करना रहा।
समापन समारोह में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला के प्राचार्य डॉ.कमलेश्वर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जूडो-कराटे केवल खेल नहीं बल्कि छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक कौशल है। ऐसी प्रशिक्षण गतिविधियाँ बालिकाओं को विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की रक्षा करने में सक्षम बनाती हैं।
उन्होंने कहा कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण से बच्चों में साहस, अनुशासन, मानसिक मजबूती और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है। छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ शारीरिक रूप से सक्षम बनने की भी आवश्यकता है ताकि वे हर चुनौती का सामना आत्मविश्वास से कर सकें।

समर कैंप के दौरान विद्यार्थियों को जूडो-कराटे की प्रारंभिक तकनीकों, संकट की स्थिति में बचाव के उपाय, संतुलन, फुर्ती तथा आत्मरक्षा के व्यावहारिक अभ्यास कराए गए। प्रशिक्षकों ने विशेष रूप से बालिकाओं को दैनिक जीवन में सतर्कता और सुरक्षा के उपाय भी बताए।

प्रशिक्षण शिविर में मो.अर्श, श्लोक डेकवारे, अंशुल महोबिया, डिंपल देवांगन, खुशी वासवानी, शेख फरहान, वियान मेश्राम, भव्या यादव, अल्बिना बानो और मोक्ष चंद्रवंशी सहित अनेक विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य नुसरत बानो, शिक्षिका नसीदा अली, रूपा यादव, महक यादव, प्रशिक्षक सुनील निषाद एवं खूबचंद साहू सहित विद्यालय परिवार मौजूद रहा।

Exit mobile version