अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिलेभर में होंगे सामूहिक योग कार्यक्रम

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई जिले में व्यापक स्तर पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था के लिए योग” रखी गई है, जिसके माध्यम से बुजुर्गों सहित सभी आयु वर्ग के लोगों को नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया जाएगा।
आयुष मंत्रालय के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों के तहत जिले की सभी ग्राम पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों तथा विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा। जिला प्रशासन और आयुष विभाग ने कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली हैं। आयुष विभाग के अधिकारियों ने बताया कि योग दिवस में भाग लेने वाले सभी संस्थानों और प्रतिभागियों को मंत्रालय के योग संगम पोर्टल पर पंजीयन कराना होगा। कार्यक्रम के दौरान किए गए योगाभ्यास की तस्वीरें भी पोर्टल पर अपलोड की जाएंगी, जिससे सहभागिता का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके। योग दिवस को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग सहित विभिन्न विभागों का सहयोग लिया जा रहा है। प्रशासन ने नागरिकों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि योग स्वस्थ जीवन, मानसिक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली का प्रभावी माध्यम है। जिलेभर में आयोजित होने वाले योग कार्यक्रमों को लेकर लोगों में उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में सहभागिता की संभावना जताई जा रही है।

Exit mobile version