हर जरूरतमंद को आवास उपलब्ध कराना सरकार की प्रतिबद्धता- विक्रांत सिंह

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत नगर पालिका परिषद खैरागढ़ में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में 43 पात्र हितग्राहियों को आवास निर्माण के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) वितरित किए गए। प्रमाण पत्र मिलने के साथ ही हितग्राही अपने नए मकानों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर सकेंगे। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक जरूरतमंद परिवार को सुरक्षित एवं पक्का आवास उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना से हजारों परिवारों के अपने घर का सपना साकार हो रहा है और यह योजना समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए महत्वपूर्ण साबित हो रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव तथा सांसद संतोष पांडे के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इनके मार्गदर्शन में योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी पुनीत वर्मा ने बताया कि योजना के तहत चयनित 43 हितग्राहियों को शासन द्वारा आवास निर्माण के लिए कुल 2.50 लाख रुपये की सहायता चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएगी। निर्धारित अवधि में निर्माण पूरा करने वाले हितग्राहियों को 32,850 रुपये की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी। उन्होंने हितग्राहियों से समय पर निर्माण कार्य शुरू कर गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा चन्द्राकर, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, दिनेश वर्मा, विकेश गुप्ता, विनय देवांगन, अजय जैन, चन्द्रशेखर यादव, सुमित टांडिया, नंद चन्द्राकर, गोरेलाल वर्मा, देविन बाई कोठले, रूपेंद्र रजक, पुष्पा सिंदूर, मोनिका रजक, शैलेन्द्र वर्मा सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। अंत में हितग्राहियों को एनओसी वितरित कर उन्हें आवास निर्माण के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

Exit mobile version