स्वयंसेवी वंदना टांडेकर को मिला बड़ा दायित्व, सर्व रविदास समाज के भव्य शपथ ग्रहण में उभरी नई प्रदेश स्तरीय नेतृत्व शक्ति

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सिविल लाइन स्थित वृंदावन हॉल में आयोजित सर्व रविदास समाज के शपथ ग्रहण समारोह में सामाजिक एकता और समरसता का उल्लेखनीय स्वरूप देखने को मिला। कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि रही खैरागढ़ की वंदना टांडेकर का प्रदेश संगठन सचिव के रूप में चयन।

सर्व रविदास समाज छत्तीसगढ़ की प्रांतीय कार्यकारिणी ने संगठन विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए वंदना टांडेकर को संगठन सचिव नियुक्त किया। यह दायित्व उनके सतत सामाजिक योगदान, संगठन क्षमता और प्रभावी नेतृत्व कौशल का प्रमाण माना जा रहा है।

वंदना पूर्व में खैरागढ़ जिला कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में समाज को संगठित करने का उत्कृष्ट कार्य कर चुकी हैं। त्रिवेणी फाउंडेशन की संस्थापक के रूप में महिलाओं के उत्थान के लिए उनके कार्य, समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने की पहल, युवाओं को नेतृत्व के लिए प्रेरित करने की क्षमता तथा सहज और सौम्य व्यक्तित्व ने उन्हें प्रदेश नेतृत्व की अग्रिम पंक्ति में स्थापित किया है। सामाजिक विश्लेषकों का मानना है कि उनके नेतृत्व में संगठन में नई कार्यसंस्कृति, नवाचार और मजबूत संरचना विकसित होगी।

शपथ ग्रहण समारोह में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं, महिलाओं और युवाओं की उपस्थिति रही। वंदना टांडेकर को मिले सम्मान ने विशेष तौर पर महिला वर्ग और युवा समुदाय में नया उत्साह एवं विश्वास पैदा किया।
कार्यक्रम में प्रशासन और पुलिस विभाग के उच्च अधिकारी महादेव कावरे (IAS), दिलीप वासनिकर (IAS) और रतनलाल डांगी (IPS) की उपस्थिति ने आयोजन को और अधिक अनुशासित, प्रभावी और प्रेरक बना दिया।
यह नियुक्ति न केवल वंदना टांडेकर के सामाजिक कार्यों का सम्मान है बल्कि समाज में उभरती नई नेतृत्व शक्ति का भी सशक्त संदेश है।

Exit mobile version