महीने के अंत में कलेक्टोरेट घेराव की रूपरेखा
नगर पालिका चुनाव को लेकर वार्डवार बूथ कमेटियां मजबूत करने पर जोरखैरागढ़। जिला कांग्रेस कमेटी खैरागढ़-छुईखदान-गंडई एवं शहर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खैरागढ़ की संयुक्त बैठक शुक्रवार को राजपूत भवन में आयोजित हुई। बैठक में पूर्व विधायक खुज्जी एवं पीसीसी की ओर से स्मार्ट मीटर हटाओ अभियान प्रभारी तथा नगर पालिका चुनाव पर्यवेक्षक छन्नी साहू, विधायक यशोदा वर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू व शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण भारद्वाज सहित कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में स्मार्ट मीटर हटाओ अभियान की ब्लॉकवार प्रगति की समीक्षा की गई। घर-घर जाकर भरे जा रहे फार्म की स्थिति, अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा आगामी दिनों में इसे व्यापक जनआंदोलन का रूप देने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर जिला स्तरीय प्रदर्शन की रूपरेखा भी तैयार की गई।
बढ़ती बिजली दरों को लेकर कलेक्टोरेट घेराव की तैयारी
बैठक में बढ़ती बिजली दरों और आम उपभोक्ताओं से जुड़े बिजली संबंधी मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर महीने के अंत में कलेक्टोरेट घेराव किया जाएगा। इसके लिए संगठन स्तर पर तैयारी, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और आंदोलन की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
नगर पालिका चुनाव के लिए वार्डवार संगठन मजबूत करने पर जोर
आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर भी बैठक में विस्तृत रणनीति बनाई गई। प्रत्येक वार्ड में बूथ कमेटियों को मजबूत करने, वार्डवार बैठकें आयोजित करने, स्थानीय कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और जमीनी स्तर तक संगठन का समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया गया। नेताओं ने कहा कि चुनावी तैयारियों को केवल शीर्ष स्तर तक सीमित न रखकर वार्ड और बूथ स्तर तक प्रभावी बनाया जाएगा। इस दौरान पूर्व विधायक श्रीमती छन्नी साहू ने स्मार्ट मीटर हटाओ अभियान को घर-घर तक पहुंचाने और आम उपभोक्ताओं की समस्याओं को संगठित रूप से उठाने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। विधायक श्रीमती यशोदा वर्मा ने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं के मुद्दे जनहित से जुड़े हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता जनता की समस्याओं को लेकर लगातार मैदान में रहेंगे और संगठन के माध्यम से आवाज बुलंद की जाएगी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू ने कहा कि स्मार्ट मीटर, बढ़ती बिजली दरों और जनसमस्याओं को लेकर संगठन चरणबद्ध आंदोलन करेगा। नगर पालिका चुनाव को देखते हुए वार्ड और बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत किया जाएगा।शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण भारद्वाज ने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में बैठकें आयोजित कर कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाएगा। बूथ कमेटियों को मजबूत करते हुए नगर पालिका चुनाव की तैयारियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाया जाएगा। बैठक में जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, पार्षद, पूर्व पार्षद, वार्ड अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
