
गर्ल्स कॉलेजों और सामुदायिक समूहों के बीच पहुंचकर चलाया जागरूकता अभियान
ओटीपी, पिन और संदिग्ध लिंक से सावधान रहने की दी समझाइश
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस द्वारा संचालित साइबर जागृति अभियान के चौथे सप्ताह के दूसरे दिन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान स्मार्टफोन प्राइवेसी एवं सेफ ब्राउज़िंग विषय पर महिला कॉलेजों सहित विभिन्न सामुदायिक समूहों के बीच पहुंचकर लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। जागरूकता कार्यक्रमों में नागरिकों को स्मार्टफोन की प्राइवेसी सेटिंग्स को सुरक्षित रखने मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने और 2-फैक्टर ऑथेंटिकेशन सक्रिय रखने की जानकारी दी गई साथ ही सुरक्षित इंटरनेट ब्राउज़िंग के तरीके समझाते हुए संदिग्ध लिंक और वेबसाइट से दूरी बनाए रखने तथा सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई। पुलिस ने साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए ओटीपी, केवायसी अपडेट फर्जी लिंक फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल ऑनलाइन शॉपिंग और डिजिटल पेमेंट फ्रॉड से सतर्क रहने की समझाइश दी। लोगों को स्पष्ट रूप से बताया गया कि ओटीपी, पिन, सीवीवी, पासवर्ड और बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करे। कार्यक्रम के दौरान यह भी समझाया गया कि किसी अनजान या संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी विश्वसनीयता की जांच करना जरूरी है। साइबर अपराध का शिकार होने की स्थिति में बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने अथवा cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई। जागरूकता कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। साथ ही उन्हें अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।