मंत्री दयालदास बघेल ने किया समारोह का शुभारंभ, कहा— विकसित और सशक्त जिले के रूप में आगे बढ़ेगा खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

विभागीय प्रदर्शनी में दिखी विकास की झलक
खैरागढ़। संगीत नगरी खैरागढ़ में ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की थीम पर 26वां राज्योत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित राजा फतेह सिंह खेल मैदान में आयोजित समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री दयालदास बघेल ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने की। समारोह में विभागीय प्रदर्शनी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रतिभाओं के सम्मान के माध्यम से जिले की विकास यात्रा एवं सांस्कृतिक समृद्धि की झलक देखने को मिली।
जनकल्याणकारी योजनाओं से साकार हो रहा विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प— मंत्री श्री बघेल
मुख्य अतिथि मंत्री दयालदास बघेल ने प्रदेशवासियों को राज्योत्सव की शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण से छत्तीसगढ़ को नई पहचान और विकास के व्यापक अवसर मिले हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संगीत, कला और संस्कृति के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान रखने वाले खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में विकास की अपार संभावनाएं हैं। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से जिला विकसित एवं सशक्त जिले के रूप में आगे बढ़ेगा।
विकसित छत्तीसगढ़ के साथ विकसित जिले का भी लक्ष्य— विक्रांत सिंह
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि राज्य गठन के बाद छत्तीसगढ़ ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प के अनुरूप खैरागढ़-छुईखदान-गंडई को भी विकास के नए आयामों तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को मिल रही गति— कलेक्टर
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने स्वागत उद्बोधन में जिले की उपलब्धियों, विशिष्ट पहचान और विकास की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जिले में विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने अतिथियों एवं जिलेवासियों को राज्योत्सव की शुभकामनाएं दीं।*प्रदर्शनी का अवलोकन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन*समारोह के दौरान मंत्री श्री बघेल ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया वहीं विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों और स्थानीय कलाकारों ने गीत, नाटक, सामूहिक एवं एकल नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियों की अतिथियों ने सराहना की। इस अवसर पर प्रतिभावान प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। जिला प्रशासन की ओर से अतिथियों का पुष्पगुच्छ और पौधे भेंटकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गिरजा नंद चंद्राकर सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा, जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र सिंह ठाकुर, एसडीएम अविनाश सिंह ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रूपेश दांडे, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक महदीप जंघेल ने किया।