सट्टा खिलाने वाला फरार आरोपी हुआ गिरफ्तार, नगद रुपये भी जब्त

सत्यमेव न्यूज गंडई। थाना गंडई पुलिस ने सट्टा कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 3 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार 7 अगस्त को ग्राम नर्मदा में सट्टा-पट्टी लिखकर हार-जीत पर रुपये का दांव लगवाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर मिर्जा इकबाल को सट्टा खिलाते हुए पकड़ा था। उसके खिलाफ थाना गंडई में अपराध क्रमांक 247/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 7 और 8 में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस को घटना में कुदरत अली उर्फ राजु खान के भी शामिल होने की जानकारी मिली। इसके बाद फरार आरोपी की तलाश की जा रही थी। साइबर पुलिस खैरागढ़ की मदद से पुलिस टीम ने 11 अगस्त को बालाघाट जिले के बिरसा थाना क्षेत्र के सालेटेकरी स्थित उसके निवास पर घेराबंदी कर दबिश दी और कुदरत अली उर्फ राजु खान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 हजार रुपये जब्त किए हैं। कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना गंडई पुलिस द्वारा की गई।

Exit mobile version