संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त तीन उपद्रवी भेजे गए जेल

सत्यमेव न्यूज छुईखदान। जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से छुईखदान पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत तीन व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान संदिग्ध रूप से घूम रहे तीन लोगों को पहले समझाइश देकर छोड़ा लेकिन बाद में वे मारपीट और विवाद करते मिले जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के आदेश पर उपजेल सलोनी भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार 13 जुलाई की मध्यरात्रि नगर के सिनेमा लाइन क्षेत्र में गश्त के दौरान भोला बावनकर (38 वर्ष), रूपेश हुस्के (26 वर्ष) और यशवंत जगपात (28 वर्ष) संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते मिले। पूछताछ के बाद तीनों को थाना लाकर आवश्यक समझाइश दी गई और गवाहों की उपस्थिति में छोड़ दिया गया। कुछ समय बाद टिकरीपारा स्थित मंगल भवन के पास मारपीट एवं विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची जहां यही तीनों व्यक्ति अन्य लोगों के साथ विवाद करते पाए गए। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर शांति भंग की आशंका के आधार पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। 14 जुलाई को भोला बावनकर रूपेश हुस्के और यशवंत जगपात के विरुद्ध अलग-अलग इस्तगासे दर्ज कर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170/126 एवं 135(3) के तहत कार्रवाई की गई। न्यायालय के आदेश पर तीनों को उपजेल सलोनी भेज दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version