संगीत विश्वविद्यालय की कुलपति ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से की सौजन्य भेंट

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो.डॉ.लवली शर्मा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सौजन्य भेंट की। इस दौरान कुलपति ने मुख्यमंत्री को विश्वविद्यालय की उपलब्धियों से अवगत कराया और जीवन को कला के प्रति पूर्ण समर्पण को लेकर प्रकाश डाला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुलपति द्वारा किये जा रहे संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति को अक्षुण्ण बनाये रखना हमारी प्राथमिकता है और हमें संस्कृति के संरक्षण के लिये बेहतर कदम उठाने हैं।

मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कुलपति को संस्कृति के संरक्षण में हर संभव सहयोग करने का आश्वासन दिया और कहा कि राजा मानसिंह तोमर विश्वविद्यालय, इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय और भातखण्डे विश्वविद्यालय संगीत व कला के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। कुलपति ने मुख्यमंत्री को बताया कि शुक्रवार 23 मई को इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय और दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के साथ एमओयू हस्ताक्षर किया गया। 26 और 27 मई को भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में विशेष व्याख्यान के लिये आमंत्रित हैं।

मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कुलपति द्वारा विश्वविद्यालय के विकास को गतिशीलता प्रदान करने और द्रुत गति से किये जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने विश्वविद्यालय और संस्कृति के विकास के क्षेत्र में सहयोग की आवश्यकता होने पर हर संभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।

Exit mobile version