
कांग्रेस ने वार्ता कर केंद्र सरकार को घेरा
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला मुख्यालय में आयोजित कांग्रेस की प्रेसवार्ता में खैरागढ़ जिला प्रभारी व पूर्व विधायक कांग्रेस नेत्री छन्नी साहू ने अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर के चढ़ावे और चंदे के उपयोग को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में केवल छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई कर उच्च स्तर पर जिम्मेदार लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। छन्नी ने कहा कि भगवान श्रीराम के नाम पर एकत्रित किए गए चंदे और चढ़ावे के उपयोग में पूरी पारदर्शिता नहीं बरती गई है। उनका आरोप था कि मंदिर निर्माण के लिए जुटाई गई राशि का विस्तृत लेखा-जोखा अब तक सार्वजनिक नहीं किया गया है। उन्होंने पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। कांग्रेस नेताओं ने मांग करते हुए कहा कि मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में न्यायिक जांच कराई जाए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को भंग किया जाए तथा चढ़ावे और चंदे का फॉरेंसिक ऑडिट कराया जाए। उनका कहना था कि दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए। छन्नी साहू ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर सड़क से लेकर न्यायालय तक आंदोलन करेगी। प्रेसवार्ता में राष्ट्रीय सचिव मयूरी सिंह, जिला कांग्रेस कमेटी खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के अध्यक्ष कोमल दास साहू, जिला किसान कांग्रेस के अध्यक्ष देवराज किशोर दास, खैरागढ़ शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ.अरुण भारद्वाज, गंडई ब्लॉक अध्यक्ष मन्नू चंदेल, गंडई नगर पंचायत अध्यक्ष लाल टांकेश्वर खुसरो, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुशीलकांत पांडे, आकाशदीप सिंह, भीखम चंद छाजेड़, सज्जाक खान, संजू चंदेल, मनराखन देवांगन, रिंकू गुप्ता सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि यदि मामले में कोई अनियमितता नहीं हुई है तो केंद्र सरकार सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच कराने से परहेज क्यों कर रही है।