शाला प्रवेश उत्सव उत्साहपूर्वक संपन्न, नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ भव्य स्वागत

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। आदर्श ग्राम टोलागांव के विद्यालय परिसर में शनिवार को शाला प्रवेश उत्सव उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्प एवं मिठाई भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। विद्यालय परिवार द्वारा बच्चों को अध्ययन सामग्री भी वितरित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए बच्चों से नियमित रूप से विद्यालय आने और पूरी लगन के साथ अध्ययन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि अच्छी शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई कर अपने माता-पिता, विद्यालय एवं गांव का नाम रोशन करने का आह्वान करते हुए विद्यालय की समस्याओं के समाधान के लिए शासन स्तर पर हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विष्णु साहू ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत किया तथा शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने और विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन करने का आग्रह किया। विशिष्ट अतिथि एवं सरपंच देवेन्द्र साहू ने भी बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के माध्यम से विद्यालय का नाम गौरवान्वित करने की प्रेरणा दी तथा विद्यालय के समुचित विकास की आवश्यकता पर बल दिया। क्षेत्रीय जनपद सदस्य श्रीमती खेमलता साहू ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। हाईस्कूल के प्राचार्य रविंद्र चावड़ा ने स्वागत भाषण देते हुए विद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन ठाकुर सर ने किया जबकि आभार प्रदर्शन व्याख्याता डी.के. साहू ने किया। इस अवसर पर उपसरपंच सुरति दास साहू, शाला विकास समिति के सदस्य भक्तूदास साहू, बीरबल गौतम, विजय साहू, संतराम साहू, बीरबल साहू, माध्यमिक शाला से वर्मा सर एवं सरिता यादव, प्राथमिक शाला से हेमबाला साहू सहित तीनों विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। शाला प्रवेश उत्सव का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम का समापन सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।

Exit mobile version