
आत्मनिर्भर अभियान खैरागढ़ के तत्वावधान में होगा आयोजन
विभिन्न स्थानों पर लगाए जाएंगे फलदार और छायादार पौधे
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। एक पौधा, एक जीवन, एक श्रद्धांजलि के भाव से शहीद निकेश यादव की पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार 12 जुलाई को खैरागढ़ में पौधारोपण एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और शहीदों की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान में विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर पौधारोपण किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 7:00 बजे कोतवाली थाना परिसर से होगा इसके बाद 8:00 बजे राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय के कैंपस-2 परिसर में तथा 8:30 बजे जिला चिकित्सालय (सिविल अस्पताल खैरागढ़) परिसर में पौधारोपण किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन प्रातः 9:30 बजे दाऊचौरा स्थित शहीद निकेश यादव के स्मारक स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित कर किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन आत्मनिर्भर अभियान खैरागढ़ के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है जहां प्रेरणास्रोत अतिथि के रूप में हरितिमा कवर्धा की टीम अपनी विशेष उपस्थिति देगी। ज्ञात हो कि 24 मई 2018 से जिला कबीरधाम में पौध संरक्षण के क्षेत्र में सेवाभावी संस्था हरितीमा की टीम लगभग 13 हजार पौधे लगा चुकी है और प्रतिदिन लगभग 25 सेवाभावी पौध संरक्षण का कार्य कर रहे हैं। आयोजन का उद्देश्य शहीद निकेश यादव को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है। आयोजकों ने नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होकर एक पौधा लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की है। उनका कहना है कि शहीदों के सपनों का भारत तभी साकार होगा जब देश हरित, स्वच्छ, सशक्त और सुरक्षित बनेगा।