शराब भट्टी के पास युवक पर जानलेवा हमला, दहशत में शराब के शौकीन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. शराब भट्टी के पास युवक पर जानलेवा हमला हुआ हैं। इस घटना के बाद शराब के शौकीन दहशत में हैं। बताया जा रहा हैं कि अज्ञात हमलावर ने सरेराह चाकू से युवक पर हमला किया। ज्ञात हो कि मदनपुर (छुईखदान) निवासी मनहरण वर्मा उम्र 33 वर्ष शुक्रवार की शाम खैरागढ़ स्थित धरमपुरा के सरकारी देशी शराब दुकान पहुंचा था। इस दौरान शराब भट्टी के पास ही किसी सिरफिरे अज्ञात युवक ने चाकू से मनहरण पर हमला कर दिया। घटना उस वक्त हुई जब युवक शराब भट्टी के पास शराब लेने पहुंचा था और इसी दौरान अज्ञात हमलावर ने चाकू लहराते हुए मनहरण वर्मा पर ताबड़तोड़ वार किया। हमले में मनहरण के पेट में नाभि के ठीक ऊपर दो जगहों पर गंभीर चोट आयी हैं। घटना की सूचना मिलते ही लोगों ने तत्काल 112 डायल कर पुलिस को जानकारी दी जिसके बाद घायल को तुरंत सिविल अस्पताल खैरागढ़ लाया गया जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने बताया कि अब वह खतरे से बाहर है।

सरकारी शराब दुकान की मौजूदगी के कारण खैरागढ़ के धरमपुरा में लोग असामाजिक गतिविधियों से परेशान हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब भट्टी के आसपास असामाजिक तत्वों की आवाजाही आम हो गई है। आए दिन जेब कटने, मारपीट और गाली-गलौज की घटनाओं के साथ अब यहां चाकूबाजी की वारदात भी देखने को मिल रही हैं। कुछ लोगों का यह भी कहना है कि जेब कतरी करने वाले बदमाशों में से ही किसी एक ने युवक पर हमला किया होगा। इस घटना के बाद लोगों में इस बात को लेकर खासा आक्रोश है कि पुलिस एवं आबकारी प्रशासन की लापरवाही से क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियां बढ़ रही हैं। नागरिकों ने मांग की है कि शराब भट्टी के पास पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाए। बहरहाल पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रही है।फिलहाल चाकू बाजी का आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।

Exit mobile version