
सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन की सार्थक कार्यवाही
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की गई है। वाहन चेकिंग अभियान के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए 87 चालकों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया जहां उन पर कुल 9 लाख 65 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया। साथ ही ऐसे मामलों में संबंधित चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। अप्रैल 2026 के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने व्यापक कार्रवाई करते हुए कुल 665 प्रकरण दर्ज किए जिनमें 2 लाख 14 हजार 200 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। इनमें मोटरसाइकिल पर तीन सवारी बैठाने के 258 मामले बिना नंबर प्लेट के 134 मामले बिना हेलमेट के 36 मामले और बिना सीट बेल्ट के 17 मामले शामिल हैं।
इसके अलावा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करने के 2 मामले मालवाहक वाहनों में यात्रियों को बैठाने के 5 मामले नाबालिग द्वारा वाहन चलाने का 1 मामला प्रेशर हॉर्न के 29 मामले तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के 83 मामले दर्ज किए गए। जिला पुलिस द्वारा लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। साथ ही जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों की जानकारी भी दी जा रही है ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।