वोट बचाओ, देश बचाओ राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत कांग्रेस की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आज

खैरागढ़। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) द्वारा संचालित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत जिला स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन 22 अक्टूबर गुरुवार को दोपहर 1 बजे सांस्कृतिक भवन खैरागढ़ में किया जाएगा। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक शाहिद भाई की प्रमुख उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में एआईसीसी द्वारा निर्धारित चरणबद्ध कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी साथ ही एआईसीसी की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर की 28 अक्टूबर को प्रस्तावित बैठक को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी और सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के साथ होने वाली बैठक की तैयारियों तथा आगामी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी।बैठक में खैरागढ़ विधायक श्रीमती यशोदा नीलांबर वर्मा, डोंगरगढ़ विधायक श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कोमल दास साहू सहित कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। पूर्व विधायक, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष, जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारी तथा ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के पूर्व अध्यक्ष भी बैठक में शामिल होंगे। इसके अलावा जिला एवं जनपद पंचायत के सदस्य, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षद, किसान कांग्रेस, सेवादल, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ, आदिवासी प्रकोष्ठ, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ तथा एनएसयूआई के जिला अध्यक्षों को भी आमंत्रित किया गया है। सभी ब्लॉक, मंडल एवं सेक्टर अध्यक्षों सहित कांग्रेस के वरिष्ठजनों से बैठक में उपस्थित रहने की अपील की गई है। बैठक में खुज्जी की पूर्व विधायक एवं पर्यवेक्षक श्रीमती छन्नी साहू की भी विशेष उपस्थिति रहेगी। कांग्रेस पदाधिकारियों ने सभी आमंत्रित जनप्रतिनिधियों, संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होकर अभियान की आगामी रणनीति और कार्यक्रमों को सफल बनाने में सहभागिता निभाने की अपील की है।

↑
Exit mobile version