वेसलियन स्कूल में गरिमामय आयोजन के बीच हुआ छात्र प्रतिभाओं का सम्मान

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। शिक्षा और संस्कार के समन्वय का सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करते हुए वेसलियन स्कूल खैरागढ़ में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों को शैक्षणिक सांस्कृतिक एवं विभिन्न सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। विद्यालय प्रांगण में आयोजित इस समारोह में विद्यार्थियों अभिभावकों एवं शिक्षकों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया। मुख्य अतिथि के रूप में पालक समिति के अनुराग शांति तुरे, जेठू मारकंडे, राजेश मिश्रा, मुमताज खान, वित्तीय सलाहकार राजकुमार वर्मा, पत्रकार आकाश तिवारी उपस्थित रहे वहीं अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य एस.मसीह ने की।मुख्य वक्ता के रूप में अनुराग शाँति तुरे ने वार्षिक गतिविधियों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि लक्ष्य के प्रति सजगता और धैर्य ही सफलता का मूल मंत्र है।

जीवन में सफलता बहुत अधिक मेहनत करने से नहीं ध्येय स्थापित करने से मिलती है। शेष अतिथियों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि पुरस्कार केवल सम्मान नहीं बल्कि निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण बनाए रखने का संदेश दिया। प्राचार्य श्री मसीह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी की सफलता विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयास शिक्षकों की निष्ठा और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं तथा अन्य छात्रों को भी उत्कृष्टता की ओर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया। समारोह का समापन उत्साह गर्व और नई ऊर्जा के साथ हुआ।

Exit mobile version