
जिलेवासियों को दी सुहागिन पर्व की शुभकामनाएं
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिलेभर में शनिवार को वट सावित्री व्रत एवं शनि जयंती उत्साह के साथ मनाई गई। सुबह से ही मंदिरों और वट वृक्षों के पास महिलाओं की भारी भीड़ देखने को मिली। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा धारण कर वट वृक्ष की विधिवत पूजा-अर्चना की और अपने पति की लंबी आयु तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने भी क्षेत्र की महिलाओं के साथ श्रद्धापूर्वक वट सावित्री व्रत का पूजन किया। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जिलेवासियों की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। विधायक के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं ने वट वृक्ष की परिक्रमा कर सावित्री-सत्यवान की कथा सुनी। जिले के खैरागढ़, छुईखदान, गंडई नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं ने व्रत रखकर धार्मिक अनुष्ठान किए। कई स्थानों पर सामूहिक पूजन का आयोजन भी किया गया। पर्व को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला वहीं शनि जयंती के अवसर पर शनि मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।
भक्तों ने शनिदेव को तेल, उड़द की दाल एवं काला वस्त्रअर्पित कर सुख-शांति और बाधाओं से मुक्ति की प्रार्थना की। विधायक यशोदा वर्मा ने जिलेवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वट सावित्री व्रत और शनि जयंती भारतीय संस्कृति, आस्था और पारिवारिक मूल्यों के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक पर्व समाज में सकारात्मक ऊर्जा, श्रद्धा और पारिवारिक एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने महिलाओं की श्रद्धा और समर्पण की सराहना करते हुए जिले की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। धार्मिक आयोजनों के चलते जिलेभर का माहौल भक्तिमय बना रहा। मंदिरों में भजन-कीर्तन और पूजा-पाठ का दौर सुबह से शाम तक चलता रहा वहीं बाजारों में पूजा सामग्री, फल-फूल और श्रृंगार सामग्री की दुकानों में दिनभर चहल-पहल बनी रही। स्थानीय प्रशासन सहित मंदिर समितियों द्वारा भी व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए थे।