प्रशासनिक कार्यप्रणाली, महिला सुरक्षा और शासकीय योजनाओं की दी गई जानकारी
खैरागढ़। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जिले में आयोजित ‘विद्यालय@Work’ अभियान के अंतर्गत 30 बालिकाओं को विभिन्न शासकीय कार्यालयों का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देश एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को प्रशासनिक कार्यप्रणाली से परिचित कराने के साथ उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और करियर के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। भ्रमण के दौरान बालिकाओं ने कलेक्टोरेट की विभिन्न शाखाओं का अवलोकन कर प्रशासनिक कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और शासकीय सेवाओं में उपलब्ध अवसरों की जानकारी प्राप्त की। पुलिस थाना खैरागढ़ में उन्हें महिला हेल्प डेस्क, महिला सेल की कार्यप्रणाली के साथ महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, घरेलू हिंसा और आपातकालीन सहायता के बारे में बताया गया। बालिकाओं को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की उपयोगिता से भी अवगत कराया गया।महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना, महतारी वंदन, नोनी सुरक्षा और सुकन्या समृद्धि योजना सहित विभिन्न योजनाओं की पात्रता एवं लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई। जिला बाल संरक्षण इकाई, मिशन वात्सल्य कार्यालय और सखी वन स्टॉप सेंटर के भ्रमण के दौरान बाल अधिकारों, बाल संरक्षण तथा जरूरतमंद बच्चों और संकटग्रस्त महिलाओं को उपलब्ध सहायता की जानकारी दी गई। जिला मिशन समन्वयक वृंदा हनवत ने बालिकाओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और करियर निर्माण के लिए प्रेरित किया। भ्रमण के दौरान बालिकाओं ने अधिकारियों से संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया और शासकीय कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया।
