सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. विवेकानंद पब्लिक स्कूल खैरागढ़ में विधिक सहायता शिविर का आयोजन किया गया जिसमें मुख्य न्यायक मजिस्ट्रेट श्याम कुमार साहू, एसडीएम टंकेश्वर प्रसाद साहू, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक राजनांदगांव के अध्यक्ष एवं संस्थापक विवेकानंद स्कूल सचिन बघेल, वरिष्ठ अधिवक्ता पं.मिहिर झा, पैरालीगल वालंटियर गोलूदास साहू व शिक्षकगण की उपस्थिति में विद्यालय के बालक बालिकाओं के लिये राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र व स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया गया। प्रारंभ में बालिकाओं ने मधुर स्वर में सरस्वती वंदना की। शिविर में मुख्य न्यायक मजिस्ट्रेट श्याम कुमार साहू द्वारा विशेषकर लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 (पास्को एक्ट), चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की विशेष जानकारी दी।
बालक-बालिकाओं को 2012 में बने पास्को एक्ट की जानकारी देते हुये बताया कि यह कानून बालक-बालिकाओं का संरक्षण करता है और किसी भी प्रकार के शोषण होने पर कानूनी कार्रवाई और मदद की जाती है। न्यायाधीश श्री साहू ने बाल विवाह निषेध अधिनियम के बारे में बताया कि हमारे देश में विवाह की आयु लड़कियों की 18 साल और लड़कों की 21 साल है इस उम्र से पहले शादी करना-कराना कानूनी अपराध है जिसमें शामिल व्यक्तियों के लिये सजा का प्रावधान है। साथ ही साइबर अपराध, घरेलू हिंसा, नालसा टोल फ्री नंबर 15100 आदि के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
जैसे शरीर के लिये भोजन जरुरी वैसे ही जीवन में शिक्षा बहुत आवश्यक- एसडीएम साहू
एसडीएम टंकेश्वर प्रसाद साहू ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुये कहा कि जिस प्रकार शरीर के विकास के लिये भोजन आवश्यक है उसी प्रकार जीवन के उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिये शिक्षा बेहद जरुरी है। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक राजनांदगांव के अध्यक्ष एवं विवेकानंद स्कूल के संस्थापक सचिन बघेल ने कहा कि युवाओं में शिक्षा को लेकर स्वामी विवेकानंद के विचार क्रांतिकारी थे। उनका कहना था कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं होती बल्कि यह जीवन के हर एक पहलू में आत्मविश्वास और साहस को विकसित करने की प्रक्रिया है जिससे व्यक्ति का सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने आगे बताया कि उनकी संस्था 25 वर्षों से लगातार शिक्षा के साथ संस्कार देने का कार्य कर रही है। अधिवक्ता पं.मिहिर झा ने बताया कि विद्यालय आते समय या कहीं भी आते जाते आपको किसी भी प्रकार की मदद की जरूरत लगती हैं तो आप पुलिस से हर संभव मदद ले सकते हैं। अति हर चीज के विनाश का कारण है आज मोबाइल का कई लोग दुरुपयोग करते हैं। आज किसी भी घटना को नजर अंदाज नहीं करना चाहिये जागरूकता से ही किसी बड़ी घटना से बचा जा सकता है। अगर आपको कोई बार-बार परेशान कर रहा है तो उसे अपने पेरेंट्स या टीचर्स को जरूर बताना चाहिये। विधिक जागरूकता शिविर को संबोधित करते हुऐ पैरालीगल वालंटियर गोलूदास साहू ने कहा कि आज राष्ट्रीय युवा दिवस पर हमें स्वामी विवेकानंद के विचारों को फिर से आत्मसात करने की आवश्यकता है। युवा ही ऊर्जा का स्रोत है और इनसे ही एक समृद्ध देश का आधार होता है। सफल होकर पीड़ित एवं निर्धन की सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है। युवा दिवस पर छात्र-छात्राओं द्वारा मनमोहक नृत्य व गीत आदि प्रस्तुत किया गया।