केसीजी जिले में डिजिटल व्यवस्था से अब तक 2259 किसानों को मिला खाद
खैरागढ़। किसानों को रासायनिक उर्वरकों की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करने और खाद वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा उर्वरक बिक्री की नई डिजिटल व्यवस्था लागू की गई है। इस व्यवस्था के तहत अब किसान मोबाइल ऐप के माध्यम से अपनी आवश्यकता के अनुसार खाद की बुकिंग कर सकेंगे। बुकिंग पूरी होने के बाद मोबाइल पर जारी टोकन दिखाकर संबंधित उर्वरक बिक्री केंद्र से खाद प्राप्त की जा सकेगी। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल एवं उप संचालक कृषि चित्रांगद कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन में कृषि विभाग द्वारा जिले में इस नई व्यवस्था के प्रचार-प्रसार एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जिले के शासकीय एवं निजी उर्वरक विक्रय केंद्रों के माध्यम से किसानों को निरंतर खाद का वितरण किया जा रहा है। नई व्यवस्था के तहत किसानों को उनके कृषि रकबे तथा फसल के अनुरूप उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर द्वारा फसलवार निर्धारित उर्वरक अनुशंसाओं को आधार बनाया गया है। इससे उर्वरकों के संतुलित उपयोग को बढ़ावा मिलेगा तथा किसानों को अनावश्यक खाद खरीदने से होने वाले अतिरिक्त आर्थिक बोझ से भी राहत मिलेगी। कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल मोबाइल ऐप के माध्यम से अब तक जिले के 2259 किसानों को उनकी फसलों के अनुरूप खाद का वितरण किया जा चुका है। इस डिजिटल प्रणाली को सुचारू रूप से लागू करने के लिए जिले के किसानों, उर्वरक विक्रेताओं एवं सहकारी समितियों के प्रबंधकों को मास्टर ट्रेनर्स के माध्यम से प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।इसी कड़ी में उप संचालक कृषि चित्रांगद कुमार ठाकुर एवं अनुविभागीय कृषि अधिकारी खैरागढ़ द्वारा सेवा सहकारी समिति मर्यादित, बाजार अतरिया में किसानों को नई खाद वितरण प्रणाली की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान किसानों को मोबाइल ऐप के माध्यम से टोकन जारी करने, बुकिंग प्रक्रिया तथा टोकन के आधार पर खाद प्राप्त करने की पूरी प्रक्रिया समझाई गई। इस अवसर पर समिति प्रबंधक अतरिया सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
समस्या होने पर इन हेल्पडेस्क नंबरों पर करें संपर्क
नई टोकन आधारित खाद वितरण प्रणाली के क्रियान्वयन के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए कृषि विभाग द्वारा जिला स्तर पर हेल्पडेस्क की व्यवस्था की गई है। टोकन जारी करने की समस्या के समाधान के लिए किसान हेल्पडेस्क नंबर 8236007377 एवं 9685053837 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा किसान कृषि विभाग के संबंधित अधिकारियों से भी मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।
