मुरमीकरण कार्य में अनियमितता के आरोप, जांच के बाद भी रिपोर्ट लंबित

खैरागढ़। जिले की सीमा से लगे राजनांदगांव जिले के घुमका ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत सहसपुर दल्ली में कराए गए मुरमीकरण कार्य में लापरवाही और अनियमितताओं के गंभीर आरोप सामने आए हैं। शिकायतों के बाद जांच तो शुरू हुई लेकिन अब तक जांच रिपोर्ट उच्च स्तर पर प्रस्तुत नहीं किए जाने से पूरे मामले पर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी अनुसार ग्राम के कलकसा क्षेत्र में शीतला मंदिर से मुक्तिधाम होते हुए गौठान मार्ग तक कराए गए मुरमीकरण कार्य की गुणवत्ता पर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई है। उनका आरोप है कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया गया जिससे सड़क की गुणवत्ता प्रभावित हुई है और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले को पूर्व सरपंच कांति नागपुरे ने प्रमुखता से उठाते हुए करीब तीन माह पूर्व संबंधित विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर जांच प्रक्रिया शुरू की लेकिन अब तक जांच पूर्ण होने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंपी गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि जांच के नाम पर केवल औपचारिकताएं निभाई जा रही हैं और कार्रवाई को टालने की कोशिश की जा रही है। लगातार मांग के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है वहीं संबंधित अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर स्थल निरीक्षण किया जा चुका है और एक सप्ताह के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट उच्च स्तर पर प्रस्तुत कर दी जाएगी हालांकि पूर्व में भी ऐसे आश्वासन दिए जा चुके हैं लेकिन कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में असंतोष बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि मुरमीकरण जैसे बुनियादी कार्यों में लापरवाही न केवल सरकारी संसाधनों की बर्बादी है बल्कि आमजन की सुविधाओं के साथ भी सीधा खिलवाड़ है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में ठोस कार्रवाई कर जिम्मेदारी तय करता है या यह मामला भी अन्य मामलों की तरह कागजी प्रक्रिया तक सीमित रह जाता है।

Exit mobile version