मिशन सन्डे ने दी देवव्रत सिंह को श्रद्धांजलि

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. खैरागढ़ राजपरिवार के वंशज और पूर्व सांसद एवं पूर्व विधायक स्वर्गीय देवव्रत सिंह की जयंती पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में 3 जून की शाम को मिशन सन्डे टीम द्वारा दुर्गा चौक में स्थित स्वर्गीय सिंह की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक यशोदा वर्मा विशेष रूप से उपस्थित थी लेकिन दुर्गा चौक की प्रतिमा अंधेरे में डूबी रही जिससे जनभावनाएं आहत हुईं। नागरिकों ने मोबाइल की फ्लैशलाइट और मोमबत्ती के सहारे दीप प्रज्वलन किया।
विधायक यशोदा वर्मा ने नगर पालिका प्रशासन को आड़े हाथों लिया और मुख्य नगर पालिका अधिकारी से फोन पर बातचीत कर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय देवव्रत सिंह न केवल खैरागढ़ राजपरिवार के उत्तराधिकारी थे, बल्कि उन्होंने जनसेवा को अपना धर्म मानकर राजनीति की। मिशन सन्डे के संयोजक मनराखन देवांगन ने कहा कि यह महज एक तकनीकी गलती नहीं, बल्कि एक भावनात्मक अपमान है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में मिशन सन्डे के सदस्यों ने स्वर्गीय देवव्रत सिंह के योगदान को याद किया और श्रद्धासुमन अर्पित किये।

Exit mobile version