
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में लगातार हो रही बारिश और मानसून के दौरान संभावित बाढ़ जैसी आपदाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने जिला अनुविभाग और तहसील स्तर पर हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बाढ़ जलभराव या किसी भी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में बिना देर किए संबंधित कंट्रोल रूम से संपर्क करें ताकि राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू किए जा सकें। प्रशासन के अनुसार सभी राहत एवं बचाव दलों को सतर्क रखा गया है और आपदा से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। लोगों से कहा गया है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें अफवाहों से बचें तथा जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से परहेज करें। जारी हेल्पलाइन के अनुसार जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष का दूरभाष क्रमांक 07820-299631 तथा पुलिस कंट्रोल रूम का मोबाइल नंबर 94792-47401 है। अनुविभागीय स्तर पर खैरागढ़ एसडीएम कार्यालय के लिए 07820-299315 एवं 8839474206, जबकि गंडई-छुईखदान एसडीएम कार्यालय के लिए 07743-263530 तथा 9407620657 पर संपर्क किया जा सकता है। तहसील स्तर पर खैरागढ़ के लिए 07820-224230, छुईखदान के लिए 07743-263503, गंडई के लिए 07743-260506 तथा साल्हेवारा के लिए 07743-299647 एवं 9009832630 हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। जिला प्रशासन ने लोगों से आग्रह किया है कि किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल संबंधित हेल्पलाइन पर दें ताकि राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाई जा सके और जनहानि तथा नुकसान को न्यूनतम रखा जा सके।