भूलाटोला में मनरेगा मजदूरों के साथ श्रमदान कर विधायक यशोदा ने वीबी जी रामजी योजना का किया विरोध

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत ग्राम भूलाटोला में जनप्रतिनिधियों, श्रमिकों और ग्रामीणों की साझा भागीदारी का दृश्य देखने को मिला। विधायक श्रीमती यशोदा नीलांबर वर्मा ने कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों के साथ मनरेगा कार्यस्थल पर पहुंची जहां मजदूरों के साथ श्रमदान कर अपना समर्थन जताया। विधायक ने स्वयं श्रमिकों के साथ कार्य कर यह संदेश देने का प्रयास किया कि मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं को कमजोर करने के किसी भी प्रयास का विरोध किया जाएगा। विधायक श्रीमती वर्मा ने उपस्थित मजदूरों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि मनरेगा योजना ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक मजबूती प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण योजना रही है। इस योजना ने लाखों ग्रामीण परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराया है और संकट की परिस्थितियों में लोगों के लिए संबल का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि मनरेगा में प्रस्तावित बदलाव श्रमिकों के हितों को प्रभावित कर सकते हैं जो चिंता का विषय है। मजदूरों की आजीविका से जुड़े किसी भी निर्णय को उनकी सहमति और सुझाव के बिना लागू करना न्यायसंगत नहीं होगा। इस दौरान मनरेगा मजदूरों ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि यह योजना उनके परिवार के भरण पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कई मजदूरों ने मजदूरी भुगतान में देरी, कार्य स्वीकृति और अन्य प्रशासनिक समस्याओं को लेकर अपनी बात रखी। विधायक ने मजदूरों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों और समस्याओं को शासन प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा। कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी श्रमिकों के समर्थन में अपनी एकजुटता प्रदर्शित करते हुये कहा कि मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष जारी रहेगा। ग्रामीणों ने विधायक के श्रमदान और समर्थन को सकारात्मक पहल बताते हुए कहा कि इससे मजदूरों का मनोबल बढ़ा है और उन्हें अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने की प्रेरणा मिली है।

Exit mobile version