जिला शिक्षा अधिकारी ने समीक्षा बैठक में कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने दिए निर्देश
शत-प्रतिशत उपस्थिति और उत्कृष्ट विद्यालयों के चयन पर भी हुई महती चर्चा
खैरागढ़। जिले के शासकीय विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने और आगामी बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें जिले के 77 प्राचार्यों सहित विकासखंड एवं संकुल स्तर के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में परीक्षा परिणाम, विद्यार्थियों की उपस्थिति, विद्यालयों की व्यवस्थाओं और विभागीय योजनाओं की समीक्षा की गई।जिला शिक्षा अधिकारी ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणाम में सुधार के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर अतिरिक्त कक्षाएं संचालित करने, विषयवार तैयारी कराने और नियमित मूल्यांकन पर जोर दिया। त्रैमासिक परीक्षा के टॉप-10 विद्यार्थियों के अक्टूबर माह के मासिक टेस्ट के अंकों की तुलनात्मक समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए।
ऑपरेशन 100 प्रतिशत’ के तहत जिले के विद्यार्थियों पर रहेगा विशेष फोकस
बैठक में ‘ऑपरेशन 100 प्रतिशत’ के तहत विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा अनुपस्थित विद्यार्थियों के पालकों से संपर्क करने को कहा गया। शिक्षकों के अवकाश को 10 प्रतिशत तक सीमित रखने और अधिकारियों एवं संकुल प्राचार्यों द्वारा नियमित विद्यालय निरीक्षण करने की समीक्षा भी की गई। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्री देवांगन ने विद्यालयों के जर्जर भवनों, शौचालयों, अतिरिक्त कक्षों और अन्य आधारभूत सुविधाओं की स्थिति पर जानकारी ली गई। जर्जर भवनों में कक्षाएं संचालित नहीं करने तथा सुरक्षित वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला स्तर पर उत्कृष्ट कर्मचारियों और विद्यालयों का होगा चयन
बैठक में उत्कृष्ट भृत्य, स्वीपर, रसोइया, रसोइया समूह, लिपिक एवं सीएसी के चयन पर चर्चा हुई। चयनित कर्मचारियों को 26 जनवरी 2027 को सम्मानित करने की योजना है। इसके लिए दोनों विकासखंडों के बीईओ को 20 दिसंबर तक प्रस्ताव जमा करने के निर्देश दिए गए हैं वहीं जिले के एक-एक प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी विद्यालय का चयन उत्कृष्ट विद्यालय पुरस्कार के लिए किया जाएगा। इन विद्यालयों को 15 अगस्त 2027 को सम्मानित करने की योजना है। इसके अलावा वीएसके पोर्टल पर उपस्थिति, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित स्वत्वों का भुगतान तथा 17 वर्ष से अधिक आयु के विद्यार्थियों के फॉर्म-6 पंजीयन की समीक्षा की गई। बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए 26 जनवरी के सांस्कृतिक कार्यक्रम सीमित स्वरूप में आयोजित करने और बोर्ड कक्षाओं के विद्यार्थियों को इनमें शामिल नहीं करने पर भी विचार किया गया। बैठक में विशेष रूप से छुईखदान बीईओ जी.सुधाकर, खैरागढ़ बीईओ नीलम सिंह राजपूत, सहायक बीईओ किशोरी लाल अमेला एवं अमेरिका देवांगन, बीआरसी सुजीत सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी और केसीजी जिले के 77 प्राचार्य उपस्थित थे। जिला शिक्षा अधिकारी श्री देवांगन ने सभी प्राचार्यों को निर्देशों का समय-सीमा में पालन करते हुए शैक्षणिक गुणवत्ता और परीक्षा परिणाम सुधारने के लिए सामूहिक प्रयास करने को कहा है ताकि बोर्ड परीक्षा में जिले का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत आ सके।
