
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला अमलीडीह कला खैरागढ़ के विद्यार्थियों ने बैगलेस डे के अवसर पर व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम के तहत स्थानीय ईंट भट्ठे का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने ईंट निर्माण की पूरी प्रक्रिया को नजदीक से देखकर समझा और व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की। भ्रमण के दौरान बच्चों को बताया गया कि किस प्रकार मिट्टी को तैयार कर सांचों में ढाला जाता है फिर उसे धूप में सुखाया जाता है और बाद में भट्ठे में पकाकर मजबूत ईंट बनाई जाती है। विद्यार्थियों ने ईंट निर्माण के हर चरण को बड़ी उत्सुकता के साथ देखा और उससे जुड़ी कई जानकारियां हासिल की। शिक्षकों ने बताया कि बैगलेस डे का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है जिससे उनके ज्ञान और कौशल का समग्र विकास हो सके। इस तरह की गतिविधियां बच्चों को विभिन्न व्यवसायों और कार्य प्रक्रियाओं को समझने का अवसर देती हैं। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधान पाठक रूपेश कुमार देवांगन, शिक्षक तेजराम वर्मा, स्वामी राम वर्मा सहित ग्रामवासी भी उपस्थित रहे और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। बच्चों ने इस गतिविधि में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नई जानकारी प्राप्त की।