बैंक ग्राहकों को साइबर ठगी से बचाव का पाठ पढ़ा रही केसीजी पुलिस

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत थाना खैरागढ़ पुलिस द्वारा बैंकों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस टीम विभिन्न बैंकों में पहुंचकर बैंकिंग कार्यों के लिए आने वाले ग्राहकों एवं आम नागरिकों को साइबर ठगी के बढ़ते मामलों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दे रही है। पुलिस द्वारा नागरिकों को साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों के प्रति सतर्क किया जा रहा है। इस दौरान OTP, ATM PIN, CVV, बैंक पासवर्ड और UPI PIN जैसी गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी गई। साथ ही अनजान लिंक पर क्लिक करने फर्जी KYC अपडेट के नाम पर जानकारी मांगने बैंक अधिकारी बनकर किए जाने वाले फोन कॉल ऑनलाइन ठगी फर्जी निवेश योजनाओं तथा डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से सावधान रहने की अपील की गई। पुलिस ने बताया कि बैंक अथवा कोई अधिकृत संस्था फोन के माध्यम से OTP, PIN या अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी नहीं मांगती। ऐसे में किसी भी संदिग्ध कॉल मैसेज या लिंक पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है।

पुलिस ने नागरिकों को बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही संबंधित बैंक को तत्काल सूचना देकर खाते से होने वाले संदिग्ध लेन-देन को रोकने का प्रयास करें। थाना खैरागढ़ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं साइबर अपराधों से सुरक्षित रहने के साथ-साथ अपने परिवार मित्रों और आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। पुलिस ने कहा कि सतर्कता सावधानी और समय पर शिकायत ही साइबर ठगी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

Exit mobile version