बिरनपुरखुर्द में ताश पर दांव लगाते तीन जुआरी गिरफ्तार

सत्यमेव न्यूज गंडई। जिले में जुआ सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गंडई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन जुआरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नगदी और ताश के पत्ते जब्त किए गए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम बिरनपुरखुर्द में गौठान के समीप बरगद के पेड़ के नीचे कुछ लोग 52 पत्ती ताश पर रुपए-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में देवेन्द्र गंधर्व (30 वर्ष) भागवत निषाद (22 वर्ष) तथा अनिल निषाद (24 वर्ष) सभी निवासी बिरनपुरखुर्द शामिल हैं। तलाशी के दौरान देवेन्द्र गंधर्व से 270 रुपये भागवत निषाद से 200 रुपये तथा अनिल निषाद से 170 रुपये बरामद किए गए। पुलिस ने जुआ फड़ से कुल 640 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध जुआ एक्ट की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में जुआ, सट्टा, अवैध शराब और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version