बिजली कटौती से किसान परेशान, स्मार्ट मीटर को लेकर नाराजगी गहराई

सत्यमेव न्यूज उदयपुर। खरीफ सीजन में खेती के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। लगातार विद्युत कटौती के विरोध में ग्रामीण क्षेत्र के किसानों और उपभोक्ताओं ने विद्युत वितरण केंद्र उदयपुर पहुंचकर कनिष्ठ अभियंता को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कृषि कार्य के लिए नियमित और निर्धारित समय पर बिजली उपलब्ध कराने की मांग की है। किसानों का कहना है कि इस समय खेतों में सिंचाई का काम चल रहा है। ऐसे में बार-बार बिजली बंद होने से सिंचाई प्रभावित हो रही है। समय पर पानी नहीं मिलने के कारण फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। किसानों ने विभाग से कृषि फीडरों में अनावश्यक कटौती पर रोक लगाने और तय शेड्यूल के मुताबिक विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।

ज्ञापन में घरेलू कनेक्शनों में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद अधिक बिजली बिल आने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उपभोक्ताओं ने मीटर की जांच कराने तथा जिन लोगों की इच्छा हो उनके पुराने मीटर पुनः लगाए जाने की प्रक्रिया शुरू करने की मांग रखी है। किसानों और उपभोक्ताओं ने विभाग से विद्युत कटौती की स्थिति की समीक्षा करने कृषि उपयोग के लिए पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने और स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों का निराकरण करने की मांग की है।

ज्ञापन सौंपने पहुंचे किसानों ने विभाग को दो दिन का समय दिया है। उनका कहना है कि निर्धारित अवधि में बिजली आपूर्ति की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्र के सैकड़ों किसान विद्युत वितरण केंद्र का घेराव करेंगे। इसके साथ ही मांगों को लेकर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी गई है। ज्ञापन पर ग्रामीण क्षेत्र के किसानों और विद्युत उपभोक्ताओं के हस्ताक्षर भी किए गए हैं।

Exit mobile version