बाजार अतरिया पीएचसी को मिला एंबुलेंस, क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत

सत्यमेव न्यूज बाजार अतरिया। क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में अब आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं और अधिक सुलभ हो गई हैं। यहां 108 एंबुलेंस की सुविधा शुरू होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। अब दुर्घटना, प्रसव या अन्य गंभीर परिस्थितियों में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। एंबुलेंस सेवा शुरू होते ही क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया है। इस उपलब्धि के पीछे ग्राम पंचायत अतरिया की सरपंच बिमला हरप्रसाद वर्मा की पहल अहम रही। उन्होंने 18 मार्च को स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल से मुलाकात कर स्वास्थ्य केंद्र के लिए एंबुलेंस की मांग रखी थी। मांग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य विभाग ने बाजार अतरिया को एंबुलेंस उपलब्ध कराई। एंबुलेंस के पहुंचने पर विधिवत पूजा अर्चना कर इसे हरी झंडी दिखाई गई। बता दे कि यह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र 15 से 20 किलोमीटर के दायरे में आने वाले ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करती है। पहले आपात स्थिति में एंबुलेंस दूर से बुलानी पड़ती थी जिससे इलाज में देरी होती थी। अब स्थानीय स्तर पर सेवा उपलब्ध होने से मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सकेगा जिससे गंभीर मामलों में राहत मिलेगी। इस पहल में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ मीडिया की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। लगातार स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याओं और मांगों को जनहित में प्रकाशित किया गया, जिसका सकारात्मक परिणाम रहा है। नए एंबुलेंस के आने से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति मिली है। स्वास्थ्य केंद्र में अब बीते समय की तुलना में व्यवस्थाओं में सुधार देखने को मिल रही है। यहां 24 घंटे डॉक्टरों की उपलब्धता, गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, सुरक्षित प्रसव, खून जांच लैब सुविधा और प्रशिक्षित स्टाफ की तैनाती से सेवाएं बेहतर हुई हैं। जच्चा बच्चा वार्ड में साफ सफाई, मच्छरदानी, पेयजल, कूलर पंखा सहित पौष्टिक आहार की व्यवस्था भी की गई है। परिसर में पार्किंग, हरियाली और सुव्यवस्थित वातावरण भी मरीजों को मिलने लगी है। हालांकि एंबुलेंस मिलने के बाद अब ग्रामीणों की अपेक्षाएं और बढ़ गई हैं। लोगों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नत करने की मांग तेज कर दी है साथ ही एएनएम ड्रेसर स्टाफ और स्टाफ क्वार्टर की कमी को दूर करने की मांग भी हो रही है। महिला मरीजों की सुविधा के लिए एएनएम की नियुक्ति को लेकर विशेष जोर दिया जा रहा है, वर्तमान व्यवस्था में महिलाओं को अपनी समस्याएं बताने में असहजता महसूस होती है। इस दौरान सरपंच बिमला हरप्रसाद वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के स्टाफ व बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। स्वास्थ्य केंद्र की ओर से डॉक्टर वीरेंद्र, संस्था प्रभारी मृदुला सिद्दीकी, जनक साहू, चेतन यादव, संतोषी जंघेल, निर्मला जोशी, कुलेश्वर कुम्भकार, आश्वनी धुर्वे, राजकुमार, कौशल्या सहित अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।

Exit mobile version