बाजार अतरिया के महाविद्यालय भवन को बजट में शामिल करने की उठी मांग

सत्यमेव न्यूज बाजार अतरिया। बाजार अतरिया शासकीय महाविद्यालय के लिए लंबे समय से प्रस्तावित भवन निर्माण को लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने राज्य शासन का ध्यान आकर्षित किया है। रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे प्रदेश भाजपा कार्यालय में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी से मुलाकात कर प्रतिनिधिमंडल ने आगामी राज्य बजट में महाविद्यालय भवन निर्माण के लिए राशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह के मार्गदर्शन में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने वित्त मंत्री को बताया कि बाजार अतरिया में महाविद्यालय संचालित होने के बावजूद अब तक उसका स्थायी भवन निर्मित नहीं हो सका है। इसके चलते विद्यार्थियों को पढ़ाई, प्रयोगात्मक गतिविधियों और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं के संचालन में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि क्षेत्र के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा के लिए इस महाविद्यालय पर निर्भर हैं। ऐसे में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भवन निर्माण कार्य को आगामी बजट में प्राथमिकता देना आवश्यक है। उन्होंने वर्षों से लंबित इस परियोजना को शीघ्र स्वीकृति प्रदान कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने की मांग रखी है। इस अवसर पर हरप्रसाद वर्मा, केशव चंदेल, नरेश कुर्रे, देवकुमार सेन, प्रेमसागर गुप्ता, पूर्णचंद गुप्ता, उत्तम वर्मा, बैद्यनाथ वर्मा, सुरेश वर्मा, राकेश वर्मा सहित बाजार अतरिया क्षेत्र के जनप्रतिनिधि युवा कार्यकर्ता एवं अतरिया मंडल के पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए बाजार अतरिया महाविद्यालय भवन निर्माण को आगामी बजट में स्थान देगी जिससे क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो सके।

Exit mobile version