प्रेम संबंध में हताशा के बाद हत्या : युवक ने युवती का शव जलाशय में फेंका

6 घंटे में पुलिस ने सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। खैरागढ़ के ठेलकाडीह थाना अंतर्गत हरडुवा जलाशय में एक युवती की नृशंस हत्या कर शव को पानी में फेंकने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए महज 6 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। ज्ञात हो कि प्रेम संबंध के बाद शादी से इंकार करना युवती के लिए जानलेवा साबित हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार देश जब गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय पर्व की खुशियों में जश्न मना रहा था तब 26 जनवरी 2026 को दोपहर लगभग 12 बजे थाना ठेलकाडीह पुलिस को सूचना मिली कि हरडुवा जलाशय के निकासी गेट के पास पानी में एक अज्ञात महिला का शव तैर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज के मार्गदर्शन में जिला एवं सीजी पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई। आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ के दौरान शव की पहचान के प्रयास किए जा रहे थे तभी जलाशय में थोड़ी दूरी पर एक कैरी बैग में मृतिका का आधार कार्ड, चप्पल एवं अस्पताल के उपचार संबंधी दस्तावेज तैरते हुए मिले। प्रेस कॉन्फ्रेंस में एडिशनल एसपी नितेश कुमार गौतम ने बताया कि इन दस्तावेजों के आधार पर मृतका की पहचान मृतिका रूपा साहू (21 वर्ष) पिता देवनाथ साहू निवासी रामनगर मुक्तिधाम सुपेला थाना वैशाली नगर जिला दुर्ग (छ.ग.) के रूप में हुई। पहचान होने पर परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने मौके पर मर्ग कायम किया एवं शव का पंचनामा कर सीएचसी घुमका से पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर द्वारा हार्ड एंड ब्लंट ऑब्जेक्ट से सिर में गंभीर चोट, अत्यधिक रक्तस्राव से मृत्यु होना बताया गया। परिजनों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि हत्या की शिकार हुई मृतिका का हरडुवा निवासी आनंद वर्मा पिता राधेलाल वर्मा के साथ प्रेम संबंध था। आरोपी शादी करने से इंकार कर रहा था। पत्र वार्ता में डीएसपी ममता अली शर्मा ने बताया कि 3-4 माह पूर्व मृतिका आरोपी के घर शादी की बात करने गई थी जहां उसके साथ मारपीट कर भगा दिया गया था। परिजनों ने यह भी बताया कि विगत 25 जनवरी 2026 को मृतिका पुनः आरोपी के घर शादी की बात करने गई थी जिसके बाद वह लापता हो गई। संदेह के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश कर उससे कड़ाई से पूछताछ की जिसके बाद आरोपी प्रेमी युवक ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह मृतिका से पीछा छुड़ाना चाहता था और शादी नहीं करना चाहता था। मृतिका द्वारा बार-बार दबाव बनाए जाने से त्रस्त था और योजना बनाकर वह युवती को मोटर साइकिल में बैठाकर घटना स्थल जलाशय ले गया। जहां पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। शव को ठिकाने लगाने के लिए मृतिका की कमर में दो गमछा बांधकर बड़े पत्थर से बांधा और शव को जलाशय में फेंक दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पत्थर, खून लगे कपड़े तथा मोटर साइकिल को जप्त किया है। आरोपी के विरुद्ध धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। कार्रवाई में एसडीओपी खैरागढ़, साइबर सेल की टीम एवं थाना ठेलकाडीह पुलिस का विशेष योगदान रहा। उत्कृष्ट विवेचना एवं त्वरित खुलासे को लेकर पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज द्वारा विवेचना में संलग्न टीम को उचित इनाम से पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की गई है। वार्ता में पुलिस के आल्हा अधिकारियों सहित जवान एवं जिला पत्रकार संघ के पत्रकार मौजूद थे।

Exit mobile version