पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास की बदहाल व्यवस्था पर छात्रों ने किया प्रदर्शन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। नगर स्थित पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर छात्रों का गुस्सा मंगलवार को खुलकर सामने आ गया। विभिन्न समस्याओं से परेशान विद्यार्थियों ने कलेक्टोरेट पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और तत्काल सुधार की मांग की। छात्रों ने बताया कि छात्रावास में लंबे समय से प्रबंधन संबंधी समस्याएं बनी हुई हैं लेकिन शिकायतों के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो रहा है। हाल ही में छात्रावास का बोर खराब हो जाने से पूरे दिन पेयजल संकट की स्थिति निर्मित हो गई जिससे विद्यार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
विद्यार्थियों का आरोप है कि छात्रावास अधीक्षक नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहते। उनके अनुसार अधीक्षक महीने में केवल एक दो बार ही छात्रावास पहुंचते हैं और औपचारिकताएं पूरी कर लौट जाते हैं। समस्याओं के समाधान के बजाय व्यस्तता का हवाला दिया जाता है जिससे छात्रों में असंतोष बढ़ रहा है। वर्तमान में छात्रावास की व्यवस्थाएं रसोइया और रात्रिकालीन ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के भरोसे संचालित हो रही हैं। निरीक्षण और निगरानी के अभाव में मूलभूत सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं तथा विद्यार्थियों की पढ़ाई का माहौल भी बिगड़ रहा है। छात्रों ने प्रशासन से मांग की है कि छात्रावास की समुचित जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं अधीक्षक की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और पेयजल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था दुरुस्त की जाए ताकि विद्यार्थियों को अध्ययन के अनुकूल वातावरण मिल सके।

Exit mobile version