
जिला पंचायत सदस्य शताक्षी देवव्रत सिंह ने आपत्ति दर्ज कर जताई नाराजगी
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सभी पात्र जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने का लक्ष्य है लेकिन जालबांधा जिला पंचायत क्षेत्र के कई गांवों में आज भी अनेक गरीब परिवार इस सुविधा से वंचित हैं।जालबांधा पवनतरा समेत आसपास के गांवों के कई परिवार कच्चे और जर्जर मकानों में जीवन बिताने को मजबूर हैं। लगातार सूची जारी होने के बावजूद उनका नाम शामिल नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। इस मुद्दे को लेकर जिला पंचायत सदस्य शाताक्षी देवव्रत सिंह ने संबंधित अधिकारियों के समक्ष आपत्ति दर्ज कराते हुए पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने की मांग की। उनका कहना है कि मकान प्रत्येक परिवार की मूल आवश्यकता है लेकिन कई गरीब और मजदूर परिवार वर्षों से असुरक्षित आवासों में रहने को विवश हैं। बरसात के दौरान इन परिवारों के सामने मकान ढहने का खतरा भी बना रहता है। उन्होंने बताया कि लगभग एक वर्ष पूर्व भी इस संबंध में जिला पंचायत स्तर पर मांग रखी गई थी लेकिन हाल ही में जारी पात्रता सूची में भी कई जरूरतमंद परिवारों के नाम शामिल नहीं किए गए। केवल जालबांधा और पवनतरा ही नहीं बल्कि क्षेत्र के अन्य गांवों के कई पात्र परिवार भी योजना के लाभ से वंचित हैं। शाताक्षी देवव्रत सिंह ने जनपद पंचायत खैरागढ़ और जिला पंचायत के संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर मांग की कि छूटे हुए पात्र परिवारों का दोबारा सर्वे कराया जाए और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया जाए। इस संबंध में अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि पात्र हितग्राहियों की सूची की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह सुनिश्चित करने का प्रयास रहेगा कि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से जल्द कार्रवाई की अपेक्षा जताते हुए कहा है कि लंबे समय से लंबित इस समस्या का समाधान किया जाए ताकि जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित और पक्का आवास मिल सके।