परीक्षा में गड़बड़ी पर अब कसेगा शिकंजा- नलिनीश

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। भाजपा जिला केसीजी प्रभारी नलिनीश ठोकने ने लोकसभा में लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 के पारित होने का स्वागत किया है। उन्होंने इसे देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य, मेहनत और प्रतिभा की रक्षा की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। श्री ठोकने ने कहा कि प्रश्नपत्र लीक, नकल माफिया और संगठित परीक्षा अपराधों से योग्य अभ्यर्थियों के साथ अन्याय होता है तथा परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता प्रभावित होती है। संशोधन विधेयक में परीक्षा संबंधी अपराधों के विरुद्ध दंडात्मक प्रावधानों को और कठोर किया गया है जिससे परीक्षा माफिया और अनियमितताओं में शामिल तत्वों पर प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसियों और सेवा प्रदाताओं की जवाबदेही बढ़ने से परीक्षा प्रणाली अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं के हित में निरंतर निर्णय ले रही है। निष्पक्ष अवसर और पारदर्शी चयन प्रक्रिया ही विकसित भारत के निर्माण की मजबूत आधारशिला है।

Exit mobile version