
सत्यमेव न्यूज छुईखदान। नगर के प्रतिभाशाली फुटबॉल खिलाड़ी श्रेयांश श्रीवास्तव ने नेपाल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय इंडो-नेपाल स्कूल स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए फुटबॉल प्रतियोगिता का स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। छात्र की उपलब्धि से छुईखदान और खैरागढ़ जिले सहित छत्तीसगढ़ एवं देश का गौरव अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा है। प्रतियोगिता के समापन समारोह में श्रेयांश को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। उनकी इस सफलता से क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है। छात्र श्रेयांश, संदीप श्रीवास्तव एवं डॉ.मीनू श्रीवास्तव के पुत्र हैं। उन्होंने कठिन परिश्रम, नियमित अभ्यास और दृढ़ संकल्प के बल पर यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। चैंपियनशिप में भारत और नेपाल सहित विभिन्न स्थानों के खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनके बीच श्रेयांश ने उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय देते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों, शिक्षकों तथा सामाजिक संगठनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। कांग्रेस नेता शैलेंद्र तिवारी ने श्रेयांश की सफलता को पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। नगर पंचायत अध्यक्ष नम्रता वैष्णव ने कहा कि श्रेयांश की सफलता नगर के युवाओं में खेलों के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करेगी तथा भविष्य में भी वे देश का नाम रोशन करेंगे। नगर पंचायत उपाध्यक्ष प्रकाश महोबिया ने श्रेयांश की प्रतिभा, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे खिलाड़ियों को हर स्तर पर प्रोत्साहन मिलना चाहिए वहीं,l नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष गिरिराज किशोर दास ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए उत्कृष्ट खिलाड़ियों को समाज एवं शासन-प्रशासन से निरंतर सहयोग मिलने की आवश्यकता पर बल दिया।श्रेयांश की यह उपलब्धि क्षेत्र के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभा, कठिन मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन किया जा सकता है।