मानपुर, जीराटोला और जंगलपुरघाट में निर्माण का जिला पंचायत सीईओ ने किया निरीक्षण
खैरागढ़। विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत ग्राम पंचायतों में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति परखने जिला पंचायत सीईओ ने मानपुर, जीराटोला और जंगलपुरघाट सहित आश्रित ग्रामों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों, इंजीनियरों और निर्माण एजेंसियों को आवश्यक सुधार करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मानपुर में निर्माणाधीन बालिका शौचालय और मुक्तिधाम के कार्यों का जायजा लिया गया। सीईओ ने निर्माण में गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने और कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए वहीं जीराटोला में निर्माणाधीन बालिका शौचालय का शेष कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा करने को कहा गया। जंगलपुरघाट के साथ आश्रित ग्राम मगरकुंड और खैरानवापारा में बालिका शौचालय निर्माण की समीक्षा करते हुए सभी कार्य आगामी 15 दिनों में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। सीईओ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाओं के निर्माण में गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों का ध्यान रखा जाए ताकि निर्धारित अवधि में कार्य पूरे होने के साथ ग्रामीणों को उनका लाभ भी मिल सके। निरीक्षण के दौरान सहायक परियोजना अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी, तकनीकी सहायक, संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
