
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। साल्हेवारा बकरकट्टा वनांचल क्षेत्र के अंतिम छोर पर बसे बैगा बाहुल्य ग्राम निजामडीह में शुक्रवार को एक ऐतिहासिक क्षण देखने को मिला। पहली बार किसी सांसद के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा। सांसद संतोष पांडे ने यहां विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन कर क्षेत्र में नई शुरुआत की। बैगा आदिवासी समुदाय ने पारंपरिक रीति रिवाजों के साथ अतिथि का स्वागत किया। दौरे के दौरान सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप बनाए जा रहे पीएम जनमन आवासों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके साथ ही खादी ग्राम में विकास कार्यों का भूमि पूजन किया गया और सिंगारपुर पंचायत के आश्रित गांव में पहुंचकर बैगा समाज की समस्याएं सुनी गईं तथा मौके पर समाधान के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर निजामडीह में प्राथमिक शाला भवन सामुदायिक भवन सीसी सड़क और बोर खनन जैसे कार्यों की आधारशिला रखी गई। वहीं पीएम जनमन योजना के तहत तुम्हारडाह (सिंगारपुर) में निर्मित बहुउद्देश्यीय केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपस्थित बच्चों से संवाद किया और उनकी पढ़ाई व गतिविधियों की जानकारी ली।
सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है। इसी सोच के साथ वनांचल क्षेत्रों में शिक्षा कौशल विकास और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बहुउद्देश्यीय केंद्र ग्रामीणों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि खम्हन ताम्रकार ने कहा कि सांसद लगातार दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचकर स्थानीय जरूरतों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा रहे हैं जिसके सकारात्मक परिणाम अब दिखने लगे हैं। दौरे के दौरान यह भी बताया गया कि कटेमा और लछना झिरिया जैसे गांवों में विद्युत सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है जबकि निजामडीह में भी आगामी तीन महीनों के भीतर बिजली पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है। कार्यक्रम में भागवत शरण सिंह, हेमलता मंडावी, निजाम मंडावी, विक्रांत चंद्राकर सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।