नशामुक्त भारत के निर्माण का लिया संकल्प, खैरागढ़ में जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत रविवार को खैरागढ़ के डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विज्ञान भवन में जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला प्रशासन खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा समाज कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, युवाओं और स्वयंसेवकों ने भाग लेकर नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन के लाइव प्रसारण से हुई। उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों और अधिकारियों ने प्रधानमंत्री का संदेश सुना जिसमें युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बख़्शी स्कूल के शाला विकास समिति अध्यक्ष शशांक ताम्रकार उपस्थित रहे वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में अनुराग सिंह प्राचार्य डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तथा कमलेश्वर सिंह प्राचार्य सेजेस कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खैरागढ़ ने उपस्थित रहे।

अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के विकास में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहने तथा नशे से दूर रहकर समाज के लिए प्रेरणा बनने का आग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान सभी छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से नशामुक्त भारत की शपथ ली। उन्होंने स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प एवं शपथ दिलाया। इस अवसर पर सहायक खेल अधिकारी प्रिंकेश कश्यप, फुटबॉल कोच शीतांशु गुप्ता, शिक्षक संजय श्रीवास्तव, समाज कल्याण विभाग से विनोद वर्मा व नवीन ठाकुर, आशीष पटेल, कुशाल सिंह, कौशिक सहित खेल एवं युवा कल्याण विभाग व समाज कल्याण विभाग के अधिकारी कर्मचारी, माय भारत के स्वयंसेवक, एनएसएस-एनसीसी के कैडेट तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों ने नशामुक्त, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।

Exit mobile version