नवोदय प्रवेश परीक्षा के मॉक टेस्ट में चार जिलों के 300 विद्यार्थी हुए शामिल

गंडई-पंडरिया। जवाहर नवोदय विद्यालय की कक्षा छठवीं प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन एवं वास्तविक परीक्षा का अनुभव देने के उद्देश्य से रविवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पेंडरवानी में तृतीय मॉक टेस्ट का आयोजन किया गया। इसमें खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कबीरधाम, बेमेतरा एवं दुर्ग जिले के लगभग 300 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह आयोजन शासकीय प्राथमिक शाला लिमो के प्रधान पाठक रामदत्त साहू के निर्देशन में संपन्न हुआ। आयोजन में पेंडरवानी स्कूल के प्रभारी प्राचार्य पीयूष तंबोली, शिक्षक भागचंद साहू एवं प्रधान पाठक गांधी राम साहू का विशेष सहयोग रहा।

मॉक टेस्ट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 10 विद्यार्थियों को शिक्षक भागचंद साहू द्वारा सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास, समय प्रबंधन एवं कठिन विषयों पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। परीक्षा के सफल संचालन में देवराम साहू, मुकेश वर्मा, लोकेश कुमार साहू, बिशेश्वर साहू, दौलतराम सिदार, दौलतराम साहू, लक्ष्मी निर्मलकर, गंगाधर साहू, गांधी राम साहू, शिव श्रीवास्तव एवं रामगोपाल चिरामे का महत्वपूर्ण योगदान रहा वहीं स्थानीय पालक घनाराम धुर्वे एवं उनके परिवार ने व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान किया। मॉक टेस्ट के माध्यम से विद्यार्थियों को वास्तविक परीक्षा के अनुरूप प्रश्न हल करने, निर्धारित समय में उत्तर देने तथा ओएमआर शीट भरने का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। इससे विद्यार्थियों को अपनी तैयारी का आकलन करने और कमजोरियों में सुधार का अवसर मिला।

विद्यार्थियों की तैयारी को और बेहतर बनाने के लिए चतुर्थ मॉक टेस्ट का आयोजन 15 नवंबर 2026, रविवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रक्से जिला कबीरधाम में किया जाएगा।

↑
Exit mobile version